अपडेटेड 6 October 2025 at 20:16 IST

BJP के टिकट पर लोक गायिका Maithili Thakur लड़ सकती हैं बिहार विधानसभा चुनाव, इस सीट की अटकलें तेज

मूल रूप से दरभंगा की रहने वाली मैथिली ठाकुर इस बार राजनीतिक डेब्यू कर सकती हैं। उन्होंने BJP के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की है।

Follow :  
×

Share


Maithili Thakur लड़ सकती हैं चुनाव | Image: X/TawdeVinod

Bihar Election 2025 : बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ सकती हैं। अटकलें हैं कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें चुनाव लड़ा सकता है। ये अटकलें BJP के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से उनकी मुलाकात के बाद हो रही हैं। मैथिली ठाकुर ने दिल्ली में दोनों नेताओं से 5 अक्तूबर, 2025 को मुलाकात की थी।

सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि ठाकुर आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में BJP के टिकट पर मैदान में उतर सकती हैं। मैथिली ठाकुर 25 साल की युवा गायिका हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार जीते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय क्रिएटर्स अवॉर्ड से सम्मानित भी हो चुकी हैं।

BJP नेताओं से मुलाकात

BJP के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर मैथिली ठाकुर से मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "साल 1995 में बिहार में लालू राज आने पर जो परिवार बिहार छोड़कर चले गए, उस परिवार की बिटिया सुप्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर जी बदलते बिहार की रफ्तार को देखकर फिर से बिहार आना चाहती हैं। आज गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय और मैंने उनसे आग्रह किया कि बिहार की जनता के लिए और बिहार के विकास के लिए उनका योगदान बिहार का सामान्य आदमी अपेक्षित करता है और वे उनकी अपेक्षाओं को पूरा करें। बिहार की बिटिया मैथिली ठाकुर जी को अनंत शुभकामनाएं!"

इस पोस्ट के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि मैथिली इस बार राजनीतिक डेब्यू कर सकती हैं। BJP युवा और सांस्कृतिक हस्तियों को चुनाव में उतारकर मतदाताओं, खासकर युवाओं और महिलाओं को आकर्षित करने की रणनीति बना सकती है। हालांकि, मैथिली या BJP की तरफ से इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

इस सीट से मिल सकता है टिकट

मैथिली ठाकुर का परिवार 1995 में लालू प्रसाद यादव के की सरकार में बिहार से पलायन कर दिल्ली चला गया था। मूल रूप से दरभंगा की रहने वाली मैथिली ठाकुर मिथिला संस्कृति और भाषा को लेकर हमेशा सक्रिय रही हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि BJP उन्हें दरभंगा की अलीनगर सीट से उम्मीदवार बना सकती है।

अलीनगर सीट के फिलहाल मिश्री लाल यादव BJP से विधायक हैं, लेकिन उनपर बगावत के आरोप लगे हैं और माना जा रहा कि वो RJD में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा मैथिली ठाकुर को बेनीपट्टी सीट से भी मौका मिल सकता है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे और चुनाव परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। 

ये भी पढ़ें: 'BJP कार्यालय ने चुनाव कार्यक्रम भेजा, ज्ञानेश कुमार ने पढ़ दिया...', बिहार चुनाव की तारीखों पर बयानबाजी शुरू, पप्पू यादव ने लगाए गंभीर आरोप

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 6 October 2025 at 20:16 IST