अपडेटेड 23 October 2025 at 19:42 IST
Bihar: कोई पूर्व मंत्री की बेटी तो कोई बाहुबली नेता की पुत्री, इन सीटों पर ऐसी महिला उम्मीदवार ठोक रहीं ताल, जिन्हें विरासत में मिली सियासत
Female Candidate in Bihar Election: अब बात करते हैं शिवानी शुक्ला की। शिवानी राजद के टिकट पर वैशाली जिले की लालगंज विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। इनकी मां अन्नु शुक्ला और पिता मुन्ना शुक्ला विधायक रह चुके हैं। शिवानी के पिता यानी मुन्ना शुक्ला को जनता बाहुबली नेता के रूप में भी जानती है।
Female Candidate in Bihar Election: बिहार में चुनावी बयार काफी तेज गति से बह रही है। विभिन्न राजनीतिक दलों के द्वारा अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा करने के बाद अब वे सभी चुनावी रैलियों में लग गए हैं। इस बीच बिहार चुनाव में प्रदेश की आधी आबादी ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया है।
जी हां, हम यहां कुछ ऐसी महिला प्रत्याशियों के बारे में बता रहे हैं, जो अपने परिवार की राजनीतिक पारी को आगे बढ़ाने के लिए चुनावी मैदान में दो-दो हाथ करने के लिए तैयार हैं। इनमें चाहें बीजेपी हो या राजद, लगभग हर दल की महिला उम्मीदवार शामिल हैं। इसमें देश के लिए निशानेबाजी में शानदार प्रदर्शन करने वाली श्रेयसी सिंह से लेकर बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला तक का नाम है। आइए इनके बारे में जानते हैं कि ये कहां और किस पार्टी से बिहार विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। इसके साथ ही जानेंगे कि राजनीति में इनके परिवार की क्या कुछ भूमिका रही है...
- श्रेयसी सिंह: भारत के लिए निशानेबाजी में शानदार प्रदर्शन करने वाली श्रेयसी सिंह को राजनीति विरासत में मिली हुई है। इनके पिता दिग्विजय सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे हैं। वहीं, मां पुतुल सिंह भी सांसद रह चुकी हैं। श्रेयसी सिंह ने साल 2020 में भाजपा में शामिल होकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। तब उन्होंने बीजेपी के टिकट पर जमुई जिले की जमुई विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल कर पहली बार विधायक बनी थीं। एक बार फिर से श्रेयसी इसी विधानसभा सीट से एनडीए की ओर से बीजेपी की उम्मीदवार हैं।
- कोमल सिंह: मुजफ्फरपुर के गायघाट विधानसभा क्षेत्र से जदयू के टिकट पर कोमल सिंह चुनावी मैदान में हैं। इनकी मां वीणा देवी गायघाट से 2010 में विधायक थीं। अभी वीणा वैशाली लोक सभा क्षेत्र से लोजपा (रामबिलास) की पार्टी से सांसद हैं। वहीं, कोमल के पिता दिनेश प्रसाद सिंह जदयू के विधान पार्षद हैं।
- स्मिता पूर्वे गुप्ता: सीतामढ़ी लोकसभा क्षेत्र और शेखपुरा जिले के परिहार विधानसभा क्षेत्र से स्मिता पूर्वे गुप्ता RJD के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। यह अपने ससुर रामचंद्र पूर्वे की राजनीतिक पारी को आगे बढ़ा रही हैं। रामचंद्र काफी समय तक लालू-राबड़ी की सरकार में मंत्री रहे थे। अभी वो बिहार विधानसभा परिषद के सदस्य हैं।
- रमा निषाद: मुजफ्फरपुर के औराई विधानसभा सीट से रमा निषाद चुनावी मैदान में हैं। इन्हें बीजेपी ने टिकट दिया है। रमा निषाद के परिवार में राजनीति विरासत की बात करें तो इनके ससुर कैप्टन जय नारायण प्रसाद निषाद मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र से लंबे समय तक सांसद रहे। इतना ही नहीं वे केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। इनके अलावा रमा निषाद के पति अजय निषाद भी मुजफ्फरपुर से दो बार बीजेपी के सांसद रहे हैं।
- शिवानी शुक्ला: अब बात करते हैं शिवानी शुक्ला की। शिवानी राजद के टिकट पर वैशाली जिले की लालगंज विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। इनकी मां अन्नु शुक्ला और पिता मुन्ना शुक्ला विधायक रह चुके हैं। शिवानी के पिता यानी मुन्ना शुक्ला को जनता बाहुबली नेता के रूप में भी जानती है।
यहां हमने कुछ ही महिला उम्मीदवारों के नाम बताएं हैं। हालांकि, इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों से दर्जन भर से अधिक महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
एनडीए बनाम महागठबंधन
इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और महागठबंधन के बीच माना जा रहा है। एनडीए में भारतीय जनता पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं।
वहीं, राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व वाले महागठबंधन में कांग्रेस, दीपंकर भट्टाचार्य के नेतृत्व वाली भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (सीपीआई-एमएल), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (सीपीएम) और मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं।
इसके अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज ने भी राज्य की सभी 243 सीटों पर दावा ठोका है। बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे, वहीं इसके नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।
Published By : Amit Dubey
पब्लिश्ड 23 October 2025 at 19:42 IST