अपडेटेड 11 November 2025 at 06:27 IST

Bihar Chunav : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग आज, 122 सीटों पर 1,302 उम्मीदवारों का भाग्य होगा तय

बिहार में दूसरे चरण की वोटिंग के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी समेत कई जिलों में वोट डाले जाएंगे।

Follow :  
×

Share


बिहार विधानसभा चुनाव 2025 | Image: Chief Electoral Officer, Bihar/X

Bihar Assembly Elections 2025 Second phase voting: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की वोटिंग के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। 122 सीटों पर वोटर 1,302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी समेत कई जिलों में वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि पूरे राज्य में 4 लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। अधिकतर जिले सीमांचल क्षेत्र के हैं, जहां मुस्लिम आबादी का घनत्व ज्यादा होने से यह चरण सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए निर्णायक है। पहले चरण में 121 सीटों पर 65 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ, जो राज्य का अब तक का रिकॉर्ड है।

मंत्रियों की किस्मत EVM में होगी कैद

दूसरे चरण की 122 सीटों पर 1302 प्रत्याशियों का भविष्य दांव पर लगा है। महागठबंधन और NDA के कई प्रमुख चेहरों की किस्मत भी EVM में कैद होगी। वहीं 14 नवंबर को नतीजे आएंगे। दूसरे चरण में नीतीश सरकार के कई मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें सुपौल से विजेंद्र प्रसाद यादव, चकाई से सुमित कुमार सिंह, झंझारपुर से नीतीश मिश्रा, अमरपुर से जयंत राज, छातापुर से नीरज कुमार बबलू, बेतिया से रेणु देवी, धमदाहा से लेशी सिंह, हरसिद्धि से कृष्णानंदन पासवान और चैनपुर से जमा खान शामिल हैं।

जिला मजिस्ट्रेट सौरभ जोरवाल ने कहा- ‘चुनाव की तैयारियां पूर्ण हैं, हमारे सभी बूथों पर CCTV काम कर रहे हैं। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।’

युवा मतदाताओं की संख्या 7.69 लाख 

दूसरे चरण के 3.7 करोड़ मतदाताओं में 1.75 करोड़ महिलाएं हैं। इनमें से 2.28 करोड़ मतदाता 30 से 60 साल की आयु के बीच हैं, जबकि 18-19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या 7.69 लाख है। नवादा जिले की हिसुआ सीट में सबसे ज्यादा मतदाता (3.67 लाख) हैं, जबकि लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, त्रिवेणीगंज, सुगौली और बनमखी सीटों पर सबसे अधिक प्रत्याशी (22-22) मैदान में हैं। पहले चरण में 121 सीटों पर 65 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ था, जिसे राज्य का अब तक का सबसे ज्यादा मतदान बताया गया। 

यह भी पढ़ें: Delhi Blast: वो 5 मौके जब विस्फोट से दहल उठी राजधानी दिल्ली, पूरी कहानी

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 11 November 2025 at 00:05 IST