अपडेटेड 23 October 2025 at 19:38 IST

'जो लोग अपने आप को गठबंधन कहते हैं, बिहार की जनता उनको लठबंधन कहती है, लोग 100 साल जंगलराज नहीं भूलेंगे', PM मोदी का महागठबंधन पर हमला

विपक्षी दलों के गठबंधन पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने उन्हें 'लठबंधन' करार दिया। उन्होंने कहा, "जो लोग अपने आप को गठबंधन कहते हैं, बिहार की जनता उनको लठबंधन कहती है। वो सिर्फ लठ चलाना और झगड़ा करना जानते हैं।"

Follow :  
×

Share


Prime Minister Narendra Modi | Image: File Photo

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के माध्यम से बिहार के युवा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान, उन्होंने न सिर्फ बिहार के गौरवशाली इतिहास को याद किया, बल्कि विपक्षी दलों पर तीखे हमले करते हुए 'जंगलराज' को सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनाया। पीएम मोदी ने कहा कि यह चुनाव बिहार की समृद्धि का नया अध्याय लिखने का पर्व है, जिसे जनता किसी भी कीमत पर 'जंगलराज' को वापस नहीं आने देगी।

पीएम मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "बिहार जंगलराज नहीं भूलेगा। लोग 100 साल तक जंगलराज नहीं भूलेंगे।" उन्होंने कहा कि आज देश में विकास का महायज्ञ चल रहा है और बिहार भी इसमें कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। उन्होंने स्थिर सरकार के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जब स्थिरता होती है, तो विकास तेज होता है, और यही बिहार की NDA सरकार की शक्ति है।

वोट की ताकत: राम मंदिर, सिंदूर और नक्सलवाद

प्रधानमंत्री ने मतदाता के एक वोट की ताकत को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सारी ताकत 140 करोड़ देशवासियों से मिली है और यह सब मतदाता के एक वोट की ताकत है। इस वोट की शक्ति का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने कहा, "उस वोट ने ये परिस्थिति पैदा की है कि आज राम मंदिर भी बन गया, ऑपरेशन सिंदूर भी हो गया और देश नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे हिंदुस्तान में वोट की ताकत की सबसे ज्यादा समझ बिहार के भाई-बहनों को है, इसलिए वे जंगलराज को वापस नहीं आने देंगे।

'गठबंधन' नहीं, 'लठबंधन' हैं विरोधी

विपक्षी दलों के गठबंधन पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने उन्हें 'लठबंधन' करार दिया। उन्होंने कहा, "जो लोग अपने आप को गठबंधन कहते हैं, बिहार की जनता उनको लठबंधन कहती है। वो सिर्फ लठ चलाना और झगड़ा करना जानते हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि इन 'लठबंधन' वालों के लिए अपना स्वार्थ ही सबसे बड़ा है और इन्हें बिहार के युवाओं की कोई चिंता नहीं है।

पीएम ने नक्सलवाद और माओवादी आतंक के मुद्दे पर विपक्षी दलों को घेरा। उन्होंने कहा कि दशकों तक देश और बिहार के नौजवान इससे पीड़ित रहे, लेकिन इन लोगों ने अपने स्वार्थ को प्राथमिकता दी और माओवादी आतंक से मदद लेकर चुनाव जीतते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि माओवादियों ने स्कूल, कॉलेज, अस्पताल बनने नहीं दिए और बने बनाए संस्थानों को बम से तोड़ दिया।

पीएम मोदी ने दावा किया, "इन्होंने बिहार की दो पीढ़ियों के भविष्य को बर्बाद किया है।" उन्होंने कहा कि NDA सरकार 2014 के बाद से बड़ी मेहनत कर रही है और बिहार को जंगलराज के अंधेरे से निकालकर विकास की नई रोशनी में लाने का काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नक्सलवाद-माओवादी आतंक को समाप्त करने के लक्ष्य को पूरा करने में सहयोग करें और बिहार के नौजवानों के भविष्य को सुरक्षित करें।

यह भी पढ़ें- Chhath Puja Samagri List: 4 दिनों के छठ पर्व में दउरा और सूप में पूजा के लिए किन चीजों की होती है जरूरत? देखें पूरी List


 

Published By : Subodh Gargya

पब्लिश्ड 23 October 2025 at 19:33 IST