अपडेटेड 6 November 2025 at 20:53 IST
Bihar Election: जनता ने झोली भर-भरकर नेताओं को दिया वोट, बिहार के इतिहास में पहली बार 64 फीसदी के पार हुआ मतदान
Bihar Election 1st Phase Voting: बिहार में पहले चरण का मतदान सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। आयोग ने कहा है - बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण में आपकी उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए धन्यवाद।
Bihar Election 1st Phase Voting: बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान हो रहा है। आज 6 नवंबर को इनमें से 121 सीटों के लिए पहले चरण का चुनाव हुआ। प्रदेश के 18 जिलों की इन विधानसभा सीटों के लिए सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई जो शाम 6 बजे तक चली। इस दौरान पहली बार रिकॉर्डतोड़ मतदान हुआ है। बिहार की जनता ने लोकतंत्र के इस पर्व में झोली भर-भरकर के नेताओं को वोट दिया है।
हालांकि, सुरक्षा कारणों से 6 विधानसभा क्षेत्रों में 2135 बूथों पर शाम 5 बजे तक ही वोटिंग हुई। इन 121 सीटों पर कुल 1314 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी हैं। इसमें तेजस्वी यादव, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, मैथिली ठाकुर, तेज प्रताप जैसे दिग्गज शामिल हैं। पहले चरण का मतदान सफलतापूर्वक समाप्त होने के बाद बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजधानी पटना में प्रेस वार्ता की।
पहले चरण में अब तक 64.66% वोटिंग - मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी
पहले चरण की वोटिंग होने के बाद पटना में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने बताया कि पहले चरण का मतदान सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। अब तक 64.66% वोटिंग हो चुकी है।
प्रेस वार्ता की कुछ बड़ी बातें
- मतदान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
- पहले चरण में कुल 45341 मतदान केंद्र हैं।
- अभी तक कुछ जगह वोटिंग चल रही है।
- अभी तक 41941 मतदान केंद्रों का डाटा अपडेट हुआ है, जिसका वोटिंग प्रतिशत 64.66 फीसदी है।
- कुल मतदाताओं की संख्या 3 करोड़ 75 लाख थी, महिला मतदाताओं ने अच्छी संख्या में भाग लिया।
- 143 शिकायतें प्राप्त हुई , सभी शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है।
- कुछ केंद्रों पर मतदान बहिष्कार की सूचना प्राप्त हुई थी। बक्सर के ब्रह्मपुर मतदान केंद्र 56 और कुछ बूथ थे जिन पर शिकायत प्राप्त हुई।
- मतदान के दिन एक करोड़ 96 लाख की जब्ती हुई है।
- आचार संहिता लगने के बाद से 117 करोड़ की जब्ती हुई है।
सभी मतदाताओं के प्रति हम हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं - भारत निर्वाचन आयोग
बिहार में पहले चरण का मतदान सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। आयोग ने कहा है - बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण में आपकी उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए धन्यवाद।
चुनाव आयोग ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट करके लिखा - बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भाग लेने वाले सभी मतदाताओं के प्रति हम हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। आपकी प्रतिबद्धता सचमुच प्रेरणादायक है। मतदान अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और हमारी सभी टीमों का विशेष धन्यवाद, जिनके प्रयासों से एक सुचारू, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित हुई। हार्दिक आभार, भारत निर्वाचन आयोग।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 6 November 2025 at 20:53 IST