अपडेटेड 14 October 2025 at 18:04 IST

Bihar Election: कांग्रेस-RJD में नहीं बन रही बात, कब होगा महागठबंधन में उम्मीदवारों का ऐलान? मनोज झा के ट्वीट ने मचाया बवाल

Bihar Election: बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं, जिनके लिए वोटिंग होनी है। बीते दिनों भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार में कुल 2 चरणों में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की थी। प्रदेश में पहले चरण का चुनाव गुरुवार 6 नवंबर 2025 को होगा।

Follow :  
×

Share


तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और मध्य में मनोज झा (फाइल फोटो) | Image: Official X (Twitter) Account

Bihar Election: बिहार में सियासी पारा काफी हाई है। चुनावी समय में प्रदेश की विभिन्न राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों को पूरी करने में लगी हुई हैं। इस बीच आज बिहार में एनडीए गठबंधन की बीजेपी ने अपने 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है।

लेकिन यहां हम बात महागठबंधन की कर रहे हैं। जी हां, बिहार चुनाव को लेकर महागठबंधन की ओर से अभी तक सीटों को फाइनल करके उम्मीदवारों की सूची नहीं जारी की गई है। इंतजार लंबा होता देख लोगों के मन में कई प्रकार के सवाल उठ रहे हैं। इस बीच राजद के सांसद मनोज झा के ट्वीट ने भी बवाल कर दिया है। इससे लग रहा है कि महागठबंधन और खासकर राजद-कांग्रेस के बीच अभी बात नहीं बन पा रही है।


तेजस्वी, लालू और राबड़ी की दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान से नहीं हुई मुलाकात

बीते दिनों आईआरसीटीसी घोटाले मामले में दिल्ली की एक अदालत में पेशी के लिए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आए थे। उनके साथ उनके बेटे तेजस्वी यादव और पत्नी राबड़ी देवी भी आईं थीं। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पहले संभावना थी कि इनकी मुलाकात राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से हो सकती है। लेकिन राजद के तीनों नेता दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान से बिना मिले ही पटना लौट गए।

आशंका जताई जा रही है कि शायद अभी कांग्रेस और राजद में कुछ चीजें सही नहीं चल रही हों। सीटों को लेकर अभी बात नहीं बन पा रही हो। हालांकि, आधिकारिक रूप से अभी कोई बात सामने नहीं आई है। जब भी सीटों के बंटवारे को लेकर महागठबंधन के नेताओं से सवाल किया जा रहा है तो उनका कहना है कि सबकुछ ठीक हो चुका है, जल्द ही इसकी घोषणा की जा सकती है। बहरहाल, इस बीच राजद के राज्य सभा सांसद मनोज झा का एक ट्वीट काफी वायरल हो रहा है।

राजद के मनोज झा ने ट्वीट में क्या लिखा?

राजद से मनोज झा ने लालू, राबड़ी और तेजस्वी के दिल्ली से पटना लौटने के बाद एक ट्वीट किया है। उन्होंने इस ट्वीट में रहिमन के दोहे को लिखा है और कहा है कि यह हर अवसर के लिए प्रासंगिक...

मनोज झा ने अपने पोस्ट में लिखा - रहिमन धागा प्रेम का, मत तोड़ो छिटकाय
टूटे से फिर न मिले, मिले गांठ परिजाय
हर अवसर के लिए प्रासंगिक...
जय हिन्द

इस दोहे का अर्थ है- प्रेम का रिश्ता नाजुक होता है, इसे झटके से नहीं तोड़ना चाहिए, क्योंकि एक बार यह टूट जाए तो फिर जुड़ता नहीं और अगर जुड़ भी जाए तो गांठ रह जाती है।

यहां बता दें कि साल 2010 में राजद और कांग्रेस ने बिहार में अलग-अलग चुनाव लड़ा था, तब राजद को 22 और कांग्रेस के खाते में 4 सीटें आईं थीं।


243 सीटों पर होगा दो चरणों में मतदान 14 को आएंगे नतीजे 

बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं, जिनके लिए वोटिंग होनी है। बीते दिनों भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार में कुल 2 चरणों में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की थी। प्रदेश में पहले चरण का चुनाव गुरुवार 6 नवंबर 2025 को होगा। दूसरे चरण का चुनाव मंगलवार 11 नवंबर 2025 को होगा। पहले फेज में कुल 121 सीटों के लिए वोटिंग होगी वहीं, दूसरे फेज में कुल 122 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी।

इसके नतीजे 14 नवंबर 2025 दिन शुक्रवार को आएंगे। किसी भी पार्टी या गठबंधन को बिहार में अपनी सरकार बनाने को लेकर बहुमत के लिए 122 सीटों पर जीतना जरूरी है। 

 

ये भी पढ़ें - सीट शेयरिंग पर नीतीश की नाराजगी की अटकलों पर JDU की पहली प्रतिक्रिया, ललन सिंह बोले- सबकुछ CM की जानकारी में है लेकिन महागठबंधन…


 

Published By : Amit Dubey

पब्लिश्ड 14 October 2025 at 18:04 IST