अपडेटेड 14 October 2025 at 18:52 IST

Bihar Election 2025: BJP उम्मीदवारों की लिस्ट से ये बड़ा नाम गायब, इन मंत्रियों का भी कटा टिकट?

बिहार चुनाव 2025 को लेकर बीजेपी ने बड़ा ऐलान किया है। पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है।

Follow :  
×

Share


BJP List | Image: PTI

बिहार चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ताल ठोक दी है और पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पहली सूची में कुल 71 उम्मीदवारों को जगह मिली है। पहली सूची में जिन बड़े नामों को जगह मिली है उनमें सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा का नाम भी शामिल है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और एक समय में लालू यादव के करीबी माने जाने वाले रामकृपाल यादव पर पार्टी ने भरोसा जताया है। 

दिलचस्प बात ये है कि पार्टी ने विधानसभा स्पीकर नंद किशोर यादव को लेकर कोई ऐलान नहीं किया है। नंद किशोर यादव 1995 से बिहार विधानसभा के सदस्य रहे हैं। वे सदन में पटना पूर्व, पटना साहिब का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। नंद किशोर यादव पूर्व में बिहार सरकार में मंत्री रहे हैं और कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। 2024 में उन्हें बिहार विधानसभा स्पीकर चुना गया था। उनका सूची में नाम न होना सबको हैरान करने वाला है। ऐसा नहीं कि नंदकिशोर इकलौते ऐसे नाम हैं।

इन मंत्रियों को नहीं मिला पहली लिस्ट में टिकट

बिहार सरकार में कला, संस्कृति और युवा मामलों के मंत्री मोतीलाल प्रसाद और पर्यावरण-वन मंत्री सुनील कुमार को भी पहली लिस्ट में टिकट नहीं मिला है। राज्य सरकार में गन्ना उद्योग मंत्री कृष्णानंद पासवान को भी टिकट नहीं मिल सका है। ये सभी बिहार विधानसभा के वर्तमान सदस्य हैं। बता दें कि वरिष्ठ बीजेपी नेता ताराकिशोर प्रसाद कटिहार सीट से, मंत्री मंगल पांडे सिवान से, नितिन नवीन बांकीपुर से चुनावी मैदान में उतारे गए हैं। बीजेपी की लिस्ट में एक दिलचस्प नाम श्रेयसी सिंह का है जो कि राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता रही हैं। उनको भी जमुई सीट से मौका पार्टी ने दिया है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। विजय कुमार सिन्हा भी लखीसराय सीट से चुनावी मैदान में हैं।

मालूम हो कि विधानसभा की 243 सीटों के लिए 6 नवंबर और 11 नवंबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव होने हैं। वोटों की गिनती और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। दरअसल बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त होने वाला है। पिछले विधानसभा चुनाव अक्टूबर-नवंबर 2020 में हुए थे।

पिछले चुनाव के बाद, एनडीए ने सरकार बनाई और नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे। अगस्त 2022 को, जदयू ने बीजेपी के साथ गठबंधन समाप्त कर दिया था और नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। कुछ समय बाद जदयू, राजद और कांग्रेस के महागठबंधन में शामिल हो गई और नीतीश कुमार ने नई सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

जनवरी 2024 में जेडी (यू) ने महागठबंधन से नाता तोड़ लिया और नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के साथ नई सरकार बनाई और फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

 

यह भी पढ़ें- BREAKING: बिहार से बड़ी खबर, BJP में शामिल हुईं मैथिली ठाकुर

Published By : Sujeet Kumar

पब्लिश्ड 14 October 2025 at 18:52 IST