West Bengal New CM: शुभेंदु अधिकारी की होगी ताजपोशी! सीएम के साथ दो डिप्टी सीएम वाला फॉर्मूला लगभग तय; ये नेता बन सकते हैं मंत्री
West Bengal New CM: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय है। 8 मई को विधायक दल की बैठक के बाद उनके नाम का औपचारिक ऐलान होगा और 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण होगा।
West Bengal New CM: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। 2026 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रचंड जीत के बाद अब सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। शुभेंदु अधिकारी का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। 8 मई यानी को कोलकाता के बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में होने वाली विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर आधिकारिक मुहर लग सकती है।
बंगाल के नए 'अधिकारी' होंगे शुभेंदु
बता दें, पश्चिम बंगाल में आज भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक होनी है। इसके लिए बीजेपी की ओर से गृहमंत्री अमित शाह को बंगाल का पर्यवेक्षक बनाया गया है, वहीं बिप्लव कुमार देव सह पर्यवेक्षक हैं। इसके बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर गृह मंत्री अमित शाह ने जो सिग्नल दिए उससे साफ हो गया कि हाईकमान ने शुभेंदु को ही राज्य की कमान सौंपने का मन बना लिया है।
दरअसल, अमित शाह का स्वागत करने के लिए बीजेपी के फायरब्रांड नेता शुभेंदु अधिकारी कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे हुए थे। उनके साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, दिलीप घोष समेत कई बड़े नेता वहां मौजूद थे, लेकिन अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी की पीठ थपथपाकर बधाई दी और उन्हें अपनी गाड़ी में साथ ले गए। ऐसा उन्होंने सिर्फ शुभेंदु के साथ किया, जबकि वहीं कई और नेता भी मौजूद थे। इसे अमित शाह का शुभेंदु के सीएम की रेस में आगे बढ़ने के लिए ग्रीन सिग्नल माना जा रहा है।
बता दें, ममता बनर्जी को उनके ही गढ़ भवानीपुर में 15,000 से अधिक वोटों से हराने वाले शुभेंदु अधिकारी इस समय बीजेपी के सबसे बड़े चेहरे बनकर उभरे हैं। सूत्रों के अनुसार, रवींद्र जयंती के शुभ अवसर पर 9 मई को सुबह 10 बजे ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
दो डिप्टी सीएम बनाने की चर्चा
इन सबके बीच बताया जा रहा है कि बीजेपी बंगाल में भी मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार की तर्ज पर एक मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री का फॉर्मूला अपना सकती है। इस रेस में कई नाम सबसे आगे हैं-
1. अग्निमित्रा पॉल: महिला चेहरे और प्रदेश उपाध्यक्ष के तौर पर इनका नाम डिप्टी सीएम पद के लिए सबसे मजबूत है।
2. निशीथ प्रमाणिक: उत्तर बंगाल का प्रतिनिधित्व करने और युवा चेहरे के तौर पर इन्हें भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
3. दिलीप घोष: पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और अनुभवी नेता, जिन्होंने बंगाल में बीजेपी के आधार को मजबूत किया है।
4. रूपा गांगुली: सोनारपुर दक्षिण से बड़ी जीत दर्ज करने वाली रूपा गांगुली भी इस दौड़ में शामिल हैं।
संभावित मंत्रिमंडल की सूची
यही नहीं सूत्रों के अनुसार कुछ नाम ऐसे भी सामने आए हैं, जो कल होने वाले समारोह में शपथ ले सकते हैं। बताया जा रहा है, नई सरकार में अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखते हुए इन चेहरों को जगह मिल सकती है।
- दिलीप घोष
- अग्निमित्रा पॉल
- निशीथ प्रमाणिक
- रूपा गांगुली
- स्वपन दासगुप्ता
- शंकर घोष
- तापस रॉय
- अशोक डिंडा
- डॉ. राजेश कुमार
- रत्ना देवनाथ
- इंद्रनील खान
- गौरी शंकर
- रितेश तिवारी
- पूर्णिमा चक्रवर्ती
- विजय ओझा
पब्लिश्ड 8 May 2026 at 14:17 IST