West Bengal Election 2026: फाल्टा के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को फिर से होगा मतदान, 24 को आएंगे नतीजे; EC का बड़ा फैसला

West Bengal Election 2026 Repolling: भारत निर्वाचन आयोग ने 29 अप्रैल 2026 को पश्चिम बंगाल की 144-फाल्टा विधानसभा सीट पर मतदान के दौरान गंभीर चुनावी गड़बड़ियों के बाद पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया है।

Follow :  
×

Share


West Bengal Election 2026 Repolling at 144-Falta Assembly Constituency seat | Image: ANI

West Bengal Election 2026 Repolling: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा विधानसभा सीट पर मतदान के दौरान गड़बड़ी की खबरें 29 अप्रैल से ही चर्चा में थी। इसके बाद चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला करते हुए  144-फाल्टा विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को हुए मतदान स्थगित करने की घोषणा की है। 

साथ ही भारत निर्वाचन आयोग (EC) ने इस सीट के सभी पोलिंग बूथों पर 21 मई को फिर से मतदान कराने का ऐलान किया है, वहीं इस सीट पर वोटों की गिनती 24 मई को होगी।

सभी 285 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान 

चुनाव आयोग ने मतदान के दौरान गंभीर चुनावी गड़बड़ियों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा का हवाला देते हुए कहा है कि 29 अप्रैल 2026 को यहां बड़ी संख्या में पोलिंग स्टेशनों पर मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में दखलंदाजी की घटना घटी थी। 

इसके मद्देनजर सहायक पोलिंग स्टेशनों सहित सभी 285 पोलिंग स्टेशनों पर नए सिरे से मतदान कराया जाएगा। चुनाव आयोग ने आदेश देते हुए कहा है कि री-पोल 21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 24 मई 2026 को की जाएगी। 

क्यों हो रही रि-पोलिंग?

बता दें, पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। लेकिन, 29 अप्रैल को मतदान के दौरान फाल्टा सीट पर EVM में छेड़छाड़ और टेप चिपकाने का मामला सामने आया था। चुनाव आयोग ने इस मामले की जांच का आदेश दिया था। जांच रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग ने ये फैसला किया है। 

राज्य में 4 मई को मतगणना होगी, लेकिन फाल्टा विधानसभा सीट की वोटिंग की गिनती उस दिन नहीं होगी। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद 21 मई को फाल्टा सीट पर फिर से मतदान कराए जाएंगे। इसलिए 4 मई को राज्य की 293 सीटों पर ही वोटों की गिनती हो सकेगी। 

आज 15 बूथों पर हुआ पुनर्मतदान 

इससे पहले शुक्रवार को आयोग ने घोषणा की थी कि दक्षिण 24 परगना के दो विधानसभा क्षेत्रों, डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम में कुल 15 बूथों पर फिर से चुनाव होंगे। शनिवार को भी दोनों विधानसभा क्षेत्रों में इसी तरह पुनर्मतदान हुआ, लेकिन फाल्टा सीट को लेकर शाम तक अनिश्चितता बनी रही। लेकिन, शाम को चुनाव आयोग ने फाल्टा को लेकर बड़ा फैसला सुनाया। 

ये भी पढ़ें:  West Bengal Election: बंगाल में कौन मारेगा बाजी, BJP की लहर या ममता की वापसी? पुनर्मतदान में भी वोटिंग 90% के पार

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 2 May 2026 at 22:25 IST