अपडेटेड 20 March 2026 at 20:24 IST
West Bengal Election 2026: RG कर रेप पीड़िता की मां को विधानसभा चुनाव में टिकट मिलने की अटकलें, इस सीट पर BJP से ठोंक सकती हैं ताल!
West Bengal Election 2026: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की मृत डॉक्टर की मां अब चुनावी राजनीति में कदम रख सकती हैं। चर्चा है कि BJP उन्हें बंगाल विधानसभा चुनाव में टिकट देकर उम्मीदवार बना सकती है।
West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव 2026 में एक बड़ा खेला हो सकता है। दरअसल, 2024 में कोलकाता के RG कर मेडिकल कॉलेज में हुई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। अब उस पीड़िता की मां के चुनावी मैदान में उतरने की खबरें सामने आ रही हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक, अटकलें हैं कि BJP उन्हें उत्तर 24 परगना जिले की पानीहाटी विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बना सकती है।
पीड़िता की मां ने स्पष्ट किया अपना रुख
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पीड़िता की मां ने स्पष्ट किया है कि राजनीति में आने का विचार उनका कोई आखिरी मिनट का फैसला नहीं है। बीजेपी नेतृत्व काफी समय से उनके संपर्क में था और उन्हें चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दे रहा था। शुरुआत में वह इसके लिए तैयार नहीं थीं, लेकिन राज्य के मौजूदा हालातों को देखते हुए उन्होंने अपना मन बदल लिया।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘अब मैं समझ गई हूं कि बंगाल में हर तरफ भ्रष्टाचार फैला हुआ है। मैं नहीं चाहती कि जो मेरी बेटी के साथ हुआ, वह किसी और की बेटी के साथ हो।’
भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा मुख्य मुद्दा
पीड़िता की मां ने ममता सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सत्ता से भ्रष्टाचार को खत्म करने के उद्देश्य से BJP के साथ जुड़ना चाहती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि RG कर मामले में CBI की जांच जिस गति से चल रही है, उससे वह संतुष्ट नहीं हैं। उनके मुताबिक, न्याय मिलने में हो रही देरी ने उन्हें सिस्टम के खिलाफ खड़े होने पर मजबूर किया है। उन्होंने CPIM पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे परोक्ष रूप से TMC की मदद कर रहे हैं।
पानीहाटी सीट से मिल सकता है टिकट
चर्चा है कि BJP ने रणनीति के तहत उनके लिए पानीहाटी सीट का चयन किया है। यह इलाका RG कर घटना के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों का एक बड़ा केंद्र रहा था। BJP को उम्मीद है कि पीड़िता की मां को उम्मीदवार बनाने से न केवल उस क्षेत्र में बल्कि पूरे राज्य में महिला सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर केंद्र में आ जाएगा। हाल ही में BJP नेता अर्जुन सिंह ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी।
हालांकि बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व ने अभी इस पर अंतिम मुहर नहीं लगाई है। प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और प्रवक्ता देबजीत सरकार का कहना है कि उम्मीदवार तय करने का अधिकार दिल्ली की संसदीय समिति के पास है। लेकिन, सूत्रों का कहना है कि पानीहाटी सीट को लेकर BJP अगली लिस्ट में आधिकारिक रूप से पीड़िता की मां के नाम की घोषणा कर सकती है।
कांग्रेस ने किया समर्थन
इसी बीच सबसे हैरान करने वाली बात है कि कांग्रेस पार्टी ने इस फैसले का खुला समर्थन किया है। कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा कि अगर एक पीड़ित मां व्यवस्था को चुनौती देने और अपनी बेटी जैसी अन्य बेटियों के लिए न्याय सुनिश्चित करने के इरादे से राजनीति में आ रही है, तो इसका स्वागत होना चाहिए।
क्या है RG कर मेडिकल कॉलेज का मामला?
दरअसल, अगस्त 2024 में RG कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में एक 31 वर्षीय ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए रेप और हत्या ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। हफ्तों तक चले डॉक्टरों के कार्य बहिष्कार और आम जनता के सड़क पर उतरने से ममता बनर्जी की सरकार बैकफुट पर आ गई थी। बीजेपी ने उस समय भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया था।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 20 March 2026 at 20:24 IST