बेटियों के सपनों को कुचलने नहीं दूंगा...आरजी कर रेप पीड़िता की मां के इलाके में PM मोदी ने दी गारंटी, बोले- बहनों पर हर अत्याचार का हिसाब होगा
प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की हर बेटी को संबोधित करते हुए कहा कि मैं यह भरोसा दिलाने आया हूं कि भाजपा बेटियों के सपने नहीं कुचलने देगी। 4 मई के बाद हर अन्याय, हर अत्याचार की फाइल खुलेगी।
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस पर चुन-चुनकर प्रहार किया। इस दौरान उन्होंने आरजी कर रेप केस का जिक्र करते हुए टीएमसी को महिला विरोधी पार्टी भी करार दिया।
दरअसल, पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान हो चुका है। अब बीजेपी दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार में जुटी हुई है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी ने दमदम विधानसभा में संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'TMC एक महिला विरोधी पार्टी है और भाजपा महिला नेतृत्व वाले विकास मॉडल पर चलती है। जिस मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाया, जिसकी बेटी को TMC के महाजंगलराज ने छीन लिया, भाजपा ने उस मां को अपना उम्मीदवार बनाया है।'
पीड़ित बहनों को गाली देने में जुटी TMC
उन्होंने आगे कहा, 'भाजपा ने संदेशखाली की पीड़ित बहनों को भी नेतृत्व का अवसर दिया, लेकिन TMC इन्हीं बहनों को गाली देने में जुटी है।'
'हर महिला कह रही, TMC सरकार बदलकर रहेंगे'
पीएम मोदी ने कहते हैं कि मैं देख रहा हूं कि बंगाल की नारीशक्ति 21वीं सदी के बंगाल की नई गाथा लिखने जा रही है। बंगाल की हर महिला कह रही है- अब नहीं सहेंगे, TMC सरकार बदलकर रहेंगे।
बलात्कार से बचना है तो घर से बाहर मत निकलें- PM
उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि जब बंगाल की बेटियां न्याय मांगती हैं तो बंगाल की निर्मम सरकार कहती है कि बलात्कार से बचना है, जिंदा रहना है तो घर से बाहर मत निकलें। ये नहीं चाहते कि बेटियां खुले में घूमें, खुले आसमान के सपने देखें।
'4 मई के बाद अत्याचार की फाइल खुलेगी'
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं आज बंगाल की हर बेटी को यह भरोसा दिलाने आया हूं कि भाजपा बेटियों के सपने नहीं कुचलने देगी। बहनों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि होगी। 4 मई को सरकार बनने के बाद हर अन्याय, हर अत्याचार की फाइल खुलेगी। ये मोदी की गारंटी है।
BJP के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं RG Kar रेप पीड़िता की मां
बता दें कि बीजेपी ने आरजी कर रेप पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को चुनावी मैदान में उतारा है। पार्टी ने उन्हें पानिहाटी से टिकट दिया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए उनके इलाके में प्रचार करने पहुंचे।
यह भी पढ़ें: 'इलेक्टेड को हटाकर सलेक्टेड CM बन गए और नीतीश को फिनिश कर दिया...', तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर की तीखी टिप्पणी
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 24 April 2026 at 13:51 IST