Bengal Elections 2026: 'आप मेरा परिवार, 4 मई के बाद शपथ ग्रहण में लौटूंगा बंगाल', चुनाव की आखिरी सभा में बोले PM मोदी, बैरकपुर में भरी हुंकार
Bengal Elections 2026: बैरकपुर की रैली में पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की सेवा करना, बंगाल को सुरक्षित करना, बंगाल के सामने उपस्थित एक विराट चुनौती से बंगाल को बचाना... यह मेरे भाग्य में भी है और मेरा दायित्व भी है। इससे मैं कभी पीछे नहीं हटूंगा।
Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैरकपुर में रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव में BJP की जीत का भरोसा जताया। पीएम मोदी ने कहा कि इस चुनाव में मेरी ये आखिरी सभा है। अब मैं 4 मई के बाद शपथ ग्रहण में आऊंगा। इस दौरान उन्होंने TMC पर बरसते हुए कहा कि उनके पास न विजन है और न कुछ करने की नीयत।
‘मैं न दिन देखता हूं, न रात, न मौसम…’
रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 1857 में इसी बैरकपुर की धरती ने आजादी की पहली लड़ाई को ताकत दी थी। यही धरती आज बंगाल में परिवर्तन की राह को और प्रशस्त कर रही है। मैं पिछले 3-4 दशकों से देश के कोने-कोने में जाता रहा हूं। राजनीति में आने के बाद, भाजपा में आने के बाद मैं भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में पार्टी जो भी काम कहती है, वो मैं करता हूं।
उन्होंने कहा कि चुनाव की जिम्मेदारियां संभालना भी इसी का हिस्सा रहा है। मैं न दिन देखता हूं, न रात, न मौसम देखता हूं, चल पड़ता हूं। जब से घर छोड़ा है, मुझे आप सभी के बीच रहने में सुख मिलता है और आप ही मेरा परिवार हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ था, तब उससे पहले मैंने 11 दिनों का अनुष्ठान किया था। मैं दक्षिण भारत के अनेक मंदिरों में गया था, देवी-देवताओं से आशीर्वाद लिया था, इस चुनाव में भी मुझे वैसी ही अनुभूति हुई है जैसी अनुभूति किसी देवी दर्शन के समय होती है।
उन्होंने इस दौरान बंगाल के प्रति अपने लगाव का भी जिक्र किया। पीएम ने कहा कि मेरे व्यक्तिगत जीवन की आध्यात्मिक यात्रा का यह ऊर्जा केंद्र रहा है। बंगाल के महान व्यक्तित्वों की प्रेरणा रही है और जनता जनार्दन का अपार प्रेम रहा है। बंगाल की इस धरती पर मैंने जो अनुभव किया है, उसे मैं अपने आप पर बहुत बड़ा आशीर्वाद समझता हूं।
‘बंगाल की सेवा करना, बंगाल को सुरक्षित करना, मेरा…’
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में रैलियों और रोड शो के दौरान, मुझे इतने दिल को छू लेने वाले संदेश और चित्र मिले कि मैं उन्हें कभी नहीं भूल पाऊंगा। इन कार्यक्रमों के बाद, मैं रात में समय निकालकर हर चित्र को ध्यान से देखता हूं और कलाकारों द्वारा व्यक्त की गई भावनाओं पर विचार करता हूं। मैं आपके संदेश और पत्र भी पढ़ता हूं। कुछ में मुझे आपका दर्द नजर आता है, तो कुछ में मैं आपके आशीर्वाद को महसूस करता हूं। बाद में, मैं यह सुनिश्चित करता हूं कि मेरे जवाब सोच-समझकर लिखे जाएं।
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की सेवा करना, बंगाल को सुरक्षित करना, बंगाल के सामने उपस्थित एक विराट चुनौती से बंगाल को बचाना... यह मेरे भाग्य में भी है और मेरा दायित्व भी है। इससे मैं कभी पीछे नहीं हटूंगा। पश्चिम बंगाल का यह चुनाव पूर्वी भारत के भविष्य के लिए एक निर्णायक मोड़ है।
TMC ने चुनाव में ‘मां, माटी, मानुष’ का जिक्र नहीं किया- PM मोदी
उन्होंने रैली में TMC पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर आपको रोजगार देने वाली मिलें बंद हो रही हैं, तो दूसरी ओर गुंडों को रोजगार देने वाली कच्चे बम की फैक्ट्रियां फल-फूल रही हैं। टीएमसी के सिंडिकेट की दुकानों का विस्तार हो रहा है, यह है टीएमसी का महाजंगलराज। इस चुनाव में, एक बात जो मुझे बेहद परेशान करती है, वह यह है कि TMC नेताओं ने "मां, माटी और मानुष" का जिक्र तक नहीं किया। यही वह नारा था जिसकी नींव पर TMC ने बंगाल में अपनी सरकार बनाई थी, फिर भी अब ऐसा लगता है कि वे इसे भूल चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 सालों तक लोगों ने उन्हें मौके दिए, लेकिन उन्होंने 'मां' के लिए यानी महिलाओं की सुरक्षा और कल्याण के लिए कुछ भी नहीं किया। उन्होंने 'माटी' के लिए, या किसानों के लिए भी कुछ नहीं किया। इसी तरह, उन्होंने युवाओं की भी उपेक्षा की और उनकी जरूरतों तथा आकांक्षाओं को पूरा करने में नाकाम रहे।
पीएम ने कहा कि TMC ने कोलकाता को लंदन बनाने का वादा किया था, लेकिन 15 साल में इन्होंने कोलकाता की पहचान ही बदल दी। यहां घुसपैठियों को बसा दिया। मैं हर कोलकाता वासी से कहूंगा कि हमें मिलकर कोलकाता को कोलकाता ही बनाना है, उसकी पहचान बदले जाने से रोकना है। साथ ही उन्होंने ये गारंटी भी दी कि बंगाल में BJP सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में, पूरे पश्चिम बंगाल में आयुष्मान योजना लागू करने का फैसला लिया जाएगा। इससे लाखों महिलाओं और बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 27 April 2026 at 13:35 IST