भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं पर कितने जुल्म और अत्याचार हुए, आप सोच नहीं सकते, आज बंगाल भयमुक्त हुआ और नया सूर्य उदय हुआ- PM मोदी
PM Modi Bengal Victory Speech: बंगाल में BJP की जीत पर पीएम मोदी ने कहा कि 'आज बंगाल भयमुक्त हुआ है'। उन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट में आयुष्मान भारत लागू किया जाएगा, साथ ही पीएम मोदी ने घुसपैठ पर सख्ती का वादा भी किया। जानें और क्या कुछ कहा? पढ़ें पूरी खबर।
PM Modi BJP victory speech: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के ऐतिहासिक नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में BJP मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी ने बंगाल की जीत को 'नया सूर्योदय' बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक चुनावी आंकड़ा नहीं है, बल्कि डर और तुष्टीकरण की राजनीति के अंत की हुंकार है। प्रधानमंत्री ने बंगाल की महिला कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचारों का भी जिक्र किया।
बंगाल की पावन धरा पर आज नया सवेरा- PM मोदी
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा कि 4 मई की यह शाम बंगाल की पावन धरा पर एक नया सवेरा लेकर आई है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि जिस सशक्त बंगाल का सपना उन्होंने देखा था, उसे पूरा करने का अवसर अब बीजेपी को मिला है। पीएम ने जोर देकर कहा- 'आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है।'
पहली कैबिनेट में ही बड़े फैसले का वादा
प्रधानमंत्री ने बंगाल की जनता को भरोसा देते हुए भविष्य का रोडमैप भी सामने रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार बनते ही राज्य में विकास की नई यात्रा शुरू होगी। उन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट बैठक में ही आयुष्मान भारत योजना को हरी झंडी दी जाएगी। साथ ही महिलाओं को सुरक्षा, युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और पलायन रोकने पर काम होगा। पीएम मोदी ने घुसपैठियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, इसको लेकर भी बड़ा वादा किया।
20 से ज्यादा राज्यों में NDA की सरकारें- PM मोदी
पीएम मोदी ने इस दौरान देशभर में भाजपा के बढ़ते जनाधार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में एनडीए की सरकारें हैं। हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार के हालिया चुनावों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब 'जहां भाजपा, वहां गुड गवर्नेंस' के मंत्र पर भरोसा कर रही है। प्रधानमंत्री ने बंगाल की महिला कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचारों का जिक्र करते हुए उन्हें सलाम किया और कहा कि उनके संघर्ष ने ही आज बंगाल को एक नई उम्मीद दी है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 4 May 2026 at 20:08 IST