'आज का दिन देश के उज्जवल भविष्य की घोषणा और भरोसे का दिन है, मैं बंगाल से केरल तक की जनता को नमन करता हूं', बंपर जीत पर बोले PM मोदी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों और नतीजों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक बढ़त के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत 'भारत माता की जय' के नारे के साथ की।
PM Modi victory speech: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत 'भारत माता की जय' के नारे के साथ की। जीत के उत्साह से भरे प्रधानमंत्री मोदी ने इस परिणाम को सिर्फ भाजपा की जीत नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र और संविधान की जीत करार दिया।
'गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल'- PM मोदी
पीएम मोदी ने बिहार चुनाव के अपने पुराने वादे को याद करते हुए कहा कि, 'पिछले साल मैंने कहा था कि गंगा जी बिहार से आगे बढ़ते हुए गंगासागर तक जाती हैं। आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है।' उन्होंने रेखांकित किया कि अब उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे गंगा किनारे बसे सभी प्रमुख राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकार है।
जनता के अटूट विश्वास की जीत- PM मोदी
प्रधानमंत्री ने चुनाव आयोग और सुरक्षाबलों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत 'मदर ऑफ डेमोक्रेसी' क्यों है, यह इन नतीजों ने विश्व को दिखा दिया है। पीएम ने पश्चिम बंगाल में करीब 93% मतदान होने को ऐतिहासिक बताया। असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में मतदान के नए रिकॉर्ड और महिलाओं की भारी भागीदारी की उन्होंने विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि यह जीत चुनावी प्रक्रियाओं और संवैधानिक संस्थाओं में जनता के अटूट विश्वास की जीत है।
उपचुनावों में भी एनडीए का परचम- PM मोदी
सिर्फ विधानसभा ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र, गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा के उपचुनावों में भी भाजपा उम्मीदवारों को जनता का भरपूर आशीर्वाद मिला। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री की पत्नी सुनेत्रा पवार की बड़ी जीत का जिक्र किया और सभी राज्यों की जनता का आभार जताया। अंत में पीएम ने कहा कि जय-पराजय लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन भारत की रगों में दौड़ता लोकतांत्रिक संस्कार ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 4 May 2026 at 19:27 IST