Bengal Election: जनता से शिक्षा, रोजगार और विकास का वादा, घुसपैठियों की जांच...बंगाल में पीएम मोदी ने किया बड़ा ऐलान, बोले- 4 मई को जा रही TMC

PM मोदी ने आसनसोल रैली में ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला, पीएम ने TMC सिंडिकेट राज का अंत करने का वादा किया है। उन्होंने बताया कि कैसे बंगाल में कच्चे बम की फैक्ट्रियां चलती है। पढ़ें पूरी खबर। जानें बंगाल चुनाव का ताजा अपडेट।

Follow :  
×

Share


PM मोदी ने आसनसोल रैली में ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला | Image: X

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार (9 अप्रैल) को पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे, जहां उन्होंने अपने भाषण में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आसनसोल की पुरानी औद्योगिक ताकत सिर्फ भाजपा-एनडीए सरकार ही वापस ला सकती है। माफिया शासन से छुटकारा भी दिला सकती है।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि बंगाल में बालू, पत्थर और कोयला की लूट TMC के बड़े नेताओं के आशीर्वाद से चल रही है। उन्होंने कहा कि, 'बंगाल की माटी पर घुसपैठियों का कब्जा खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। TMC फर्जी सरकारी दस्तावेज बनवा रही है।' पीएम मोदी ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल के लिए छह गारंटी दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर कानून का राज स्थापित होगा, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी पर सख्त कार्रवाई होगी।

घुसपैठियों को खदेड़ा जाएगा- PM मोदी

पीएम मोदी ने वादा किया कि, 'भाजपा सरकार बनते ही घुसपैठियों के मददगारों के खिलाफ विशेष जांच बैठाई जाएगी। चाहे मददगार कितना ताकतवर हो, उसकी पहचान होगी। घुसपैठियों को खदेड़ा जाएगा और उनके आकाओं को जेल भेजा जाएगा।'

यहां कच्चे बम की फैक्ट्रियां चलती हैं- PM मोदी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा के संबोधित करते आगे कहा कि, 'भारत आज डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में नए रिकॉर्ड बना रहा है... मेड इन इंडिया हथियार दुनिया भर में एक्सपोर्ट हो रहे हैं लेकिन TMC की दुरनीति देखिए, यहां क्या हो रहा है?... यहां फैक्ट्रियां क्या करती हैं, कच्चे बम बनाती हैं। गली मोहल्ले में कच्चे बम की फैक्ट्रियां चल रही हैं। बीरभूम में ही TMC से जुड़े लोगों के घर से कच्चे बम के भंडार मिलते हैं। TMC ने कच्चे बम के निर्माण को ही कुटीर उद्योग बना दिया है। TMC के राज में लघु और कुटीर उद्योग बंद हो रहे हैं, लेकिन कच्चे बम के उद्योग फैल रहे हैं। अब ये नहीं चलेगा।'

ये चुनाव बंगाल की बेटियों की सुरक्षा का है- PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने TMC सरकार पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति संथाल समाज की बेटी हैं, फिर भी उन्हें सम्मान नहीं दिया गया। यह आदिवासी समाज, महिलाओं और संविधान का अपमान है।  

आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह चुनाव बंगाल की बेटियों की सुरक्षा का भी है। उन्होंने TMC पर युवाओं को लाठियां मारने और आंसू बहाने का आरोप भी लगाया।   

4 मई को TMC जाएगी, भाजपा आएगी-  PM मोदी

PM मोदी ने बताया कि TMC राज में स्कूल बंद हो रहे हैं, यूनिवर्सिटी के पास न कैंपस है न टीचर। रोजगार मेलों की जगह नौकरियों की लूट चल रही है। शिक्षक भर्ती घोटाले ने हजारों परिवारों के सपने तोड़े हैं। उन्होंने डबल इंजन सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि 75 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स रुके पड़े हैं। भाजपा सरकार बनते ही इन पर तेजी से काम होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने मनरेगा में 125 दिन का रोजगार और सीधे बैंक खाते में पैसा देने का वादा भी किया। लास्ट में पीएम मोदी ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि ‘4 मई को TMC जाएगी, भाजपा आएगी। बंगाल को भयमुक्त बनाने का विश्वास दिलाने आया हूं।’

 यह भी पढ़ें: जानिए 3 राज्यों में अब तक कितना हुआ मतदान? असम में 75% के पार, केरल...

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 9 April 2026 at 17:44 IST