'सूरज डूबने के बाद आप ही जीतेंगे', चुनाव नतीजों पर ममता बनर्जी का आया पहला रिएक्शन, BJP- चुनाव आयोग पर लगाए ये आरोप
Mamata Banerjee on Election Result: चुनाव नतीजों पर ममता बनर्जी का पहला रिएक्शन आया है। उन्होंने 100 से ज्यादा सीटों पर TMC के आगे होने का दावा किया। ममता ने चुनाव आयोग से लेकर केंद्रीय बलों और पुलिस पर आरोप भी लगाए।
West Bengal Election 2026 Result: पश्चिम बंगाल में इस बार 'खेला' हो गया है। 15 साल बाद TMC की सत्ता से विदाई होती नजर आ रही है। रुझानी में बीजेपी बहुमत के आंकड़े से काफी आगे निकल गई। इस पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का पहला रिएक्शन आया है। उन्होंने कहा कि अभी कई राउंड की गिनती बाकी है। ममता ने इस दौरान टीएमसी की जीत का भरोसा जताया। साथ ही बीजेपी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप भी लगाए।
‘हर तरफ से TMC पर जुल्म किए जा रहे हैं’
ममता बनर्जी ने TMC कार्यकर्ताओं के लिए फेसबुक पर एक वीडियो मैसेज जारी किया। उन्होंने अपील की कि काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवार काउंटिंग सेंटर छोड़कर न जाएं। ममता ने कहा कि यह BJP की चाल है। मैं कल से ही यह कह रही हूं कि वे पहले उन्हें ही आगे दिखाएंगे। उन्होंने कई जगहों पर काउंटिंग रोक दी है। कल्याणी में ऐसी मशीनें मिली हैं, जिनमें कोई मेल नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों के जरिए हर तरफ से TMC पर जुल्म किए जा रहे हैं। SIR के जरिए उन्होंने वोट चुराने की कोशिश की।
‘पुलिस भी केंद्रीय बलों के साथ मिलकर काम कर रही’
इस दौरान सीएम ममता ने टीएम के 100 से ज्यादा सीटों पर आगे होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि अब भी हम 100 से ज्यादा सीटों पर आगे हैं, जिसकी रिपोर्ट नहीं की जा रही है। सब कुछ गलत रिपोर्ट किया जा रहा है। चुनाव आयोग पूरी तरह से अपनी मनमर्जी से काम कर रहा है और केंद्रीय बल भी उनके साथ हैं। पुलिस भी केंद्रीय बलों के साथ मिलकर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से कहती हूं कि निराश होने की कोई जरूरत नहीं है; सूरज डूबने के बाद आप ही जीतेंगे। अभी 2-4 राउंड की काउंटिंग हुई है, काउंटिंग 14-18 राउंड तक चलती है, और हम ही जीतेंगे। किसी को भी डरने की कोई जरूरत नहीं है।
पश्चिम बंगाल में 294 में से 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। फाल्टा सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होगा। चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, बंगाल में फिलहाल बीजेपी 194 सीटों पर आगे चल रही हैं। वहीं, TMC का आंकड़ा 100 के नीचे आ गया है। पार्टी ने 92 सीटों पर बढ़त हासिल की हुई है।
भवानीपुर सीट पर क्या है हाल?
बात भवानीपुर सीट की करें तो जहां ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच कांटे का मुकाबला है। पहले ममता इस सीट से पिछड़ रही थी। हालांकि अब वे बड़े अंतर से आगे हो गई हैं। लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, ममता इस सीट से 13 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से आगे हैं। शुभेंदु दूसरे नंबर पर हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 4 May 2026 at 13:44 IST