'बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाली ही होगा,ममता दीदी का भतीजा...', आंकड़ा पेश कर अमित शाह ने दिए बड़े परिवर्तन के संकेत

गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में पहले चरण के चुनाव संपन्न होने के बाद शुक्रवार को कोलकाता में प्रेस कान्फ्रेंस में बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने पहले चरण में ही अपना भविष्य तय कर दिया है।

Follow :  
×

Share


Amit Shah | Image: X

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के पहले चरण में रिकॉर्ड-तोड़ मतदान के लिए मतदाताओं को बधाई दी, और शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए भारतीय चुनाव आयोग (ECI) तथा सुरक्षा बलों की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने पुराने आंकड़े पेश करते हुए बता दिया कि बंगाल में परिवर्तन होने वाला है। साथ ही उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि BJP बंगाल में अगर चुनाव जीतती है तो किसी बाहरी को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाली ही होगा।

गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में पहले चरण के चुनाव संपन्न होने के बाद शुक्रवार को कोलकाता में प्रेस कान्फ्रेंस में बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, "बंगाल की जनता ने पहले चरण में ही अपना भविष्य तय कर दिया है। कविगुरु टैगोर, महान सुभाष चंद्र बोस और खुदीराम बोस की भूमि ने विकास को चुना है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जो विकास यात्रा चल रही है उसमें बंगाल भी जुड़ने वाला है, यह मतदाताओं ने स्पष्ट कर दिया है।"

हम प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएंगे-शाह

अमित शाह ने बीजेपी की जीत का दावा करते हुए कहा, "दीदी जाने वाली है, भाजपा आने वाली है। भय जाने वाला है, भरोसा आने वाला है। 152 में से 110 से ज्यादा सीटें भाजपा जीतने जा रही है, इसका अर्थ है कि दूसरे चरण के चुनाव के बाद हम प्रचंड बहुमत से शुद्ध रूप से भाजपा सरकार बनाने वाले हैं।"

अमित शाह ने पेश किए पुराने आंकड़े

चुनाव से जुड़े पुराने आंकड़ों को पेश करते हुए शाह ने कहा, "मैं कुछ आंकड़ें भी देना चाहता हूं। 2016 के चुनाव में 1278 लोग घायल हुए थे, 2021 में 1681, 2023 के पंचायत चुनाव में 664 और 2024 के आम चुनाव में 761। उसकी तुलना में 30 से कम लोग कल घायल हुए हैं। यह बताता है कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए और मृत्यु का आंकड़ा एक भी नहीं है। यह जो मतदान बढ़ा है, वह भाजपा सरकार बनाने, परिवर्तन का संकेत है।"

बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाली ही होगा-अमित शाह

ममता बनर्जी के दावों पर अमित शाह ने कहा, "बंगाल की मुख्यमंत्री यह अफवाह फैला रही हैं कि अगर बंगाल में भाजपा आई तो बाहरी लोग शासन करेंगे, मैं दीदी को बताना चाहता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाल में जन्मा, बंगाली मीडियम में पढ़ा-लिखा और बंगाली भाषी होगा। वह आपका भतीजा नहीं भाजपा का कार्यकर्ता होगा।"

भयमुक्त होगा बंगाल का वातावरण-शाह

अमित शाह ने कहा, "यहां एंटी इनकंबेंसी चरम पर है, गत चुनाव में भी चरम पर थी। लेकिन तब मतदान जितना भयमुक्त होना चाहिए था उतना नहीं हुआ, ढेर सारे बूथ लूटे गए थे, ढेर सारी जगहों पर कार्यकर्ताओं को घरों से निकलने नहीं दिया गया था। इस चुनाव में शुरू से मतदाता सूची का शुद्धिकरण हुआ है, फर्जी मतदाताओं के नाम कटे हैं, प्रशासन, पुलिस, CAPF ने सुरक्षा पर कड़ी नजर रखी है और चुनाव आयोग ने भी भयमुक्त वातावरण बनाया है।"
 

यह भी पढ़ें: 'बंगाल जीतने के बाद, दिल्ली पर करूंगी कब्जा, मुझे सत्ता नहीं बस BJP...', पहले चरण के चुनाव खत्म होते ही CM ममता ने कर दिया बड़ा ऐलान

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 24 April 2026 at 12:59 IST