West Bengal Election: 'यह हिंदू-मुस्लिम मुद्दा नहीं है...', SIR के आरोपों पर अमित शाह ने CM ममता पर किया पलटवार, कहा- 5 मई को भाजपा…
West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव के प्रचार के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा मतदाता सूची (SIR) में गड़बड़ी के आरोपों पर पलटवार किया है। शाह ने कहा कि यह कोई हिंदू-मुस्लिम मुद्दा नहीं है और ममता अब न्यायपालिका पर भी सवाल उठा रही हैं।
West Bengal Election 2026: दुर्गापुर में एक विशाल रोड शो के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ममता बनर्जी का चुनाव आयोग पर आरोप लगाना तो समझ आता है, लेकिन अब वह न्यायपालिका को भी निशाने पर ले रही हैं। शाह ने स्पष्ट किया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की पूरी प्रक्रिया न्यायपालिका की निगरानी में हो रही है।
बता दें, ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि SIR के नाम पर 90 लाख नाम हटाए गए हैं ताकि भाजपा को फायदा पहुंचाया जा सके। शाह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि इसमें कोई धार्मिक भेदभाव नहीं हुआ है।
“5 मई को BJP के CM का होगा शपथ ग्रहण”
अमित शाह ने बंगाल में सत्ता परिवर्तन का दावा करते हुए एक बड़ी भविष्यवाणी की। उन्होंने कहा, "इस बार बंगाल की जनता निश्चित रूप से बदलाव लाने जा रही है। 4 मई को चुनाव परिणाम आएंगे और 5 मई को यहां भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा।" शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने 'मां, माटी, मानुष' के नारे को 'माफिया, बाहुबली और मनी पावर' में बदल दिया है।
घुसपैठ और सिंडिकेट राज पर तीखा हमला
गृह मंत्री ने ममता सरकार पर सीमा सुरक्षा में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सीमा पर बाड़ लगाने के लिए BSF को 600 एकड़ जमीन चाहिए, लेकिन ममता दीदी जमीन देने से इनकार कर रही हैं जिससे घुसपैठ बढ़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ममता जी घुसपैठियों को शरण देती हैं और वे उन्हें वोट देते हैं। भाजपा सरकार आते ही घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें हटाया जाएगा। शाह ने कहा कि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के 'सोनार बांग्ला' को ममता ने 'सिंडिकेट राज' में बदल दिया है, जिससे उद्योग बंगाल से बाहर चले गए और युवा बेरोजगार हो गए।
शाह ने अंत में जनता से अपील करते हुए कहा कि ममता सरकार को विदा करने का समय आ गया है और केवल भाजपा ही बंगाल को घुसपैठ मुक्त बना सकती है।
अमित शाह ने भाजपा के दो बड़े वादों पर किया फोकस
प्रचार के दौरान अमित शाह ने भाजपा के दो बड़े वादों को फिर से दोहराया। जिसमें उन्होंने बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही UCC लागू किए जाने की बात की। इसके अलावा राज्य के कर्मचारियों के लिए 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने के बारे में भी बात की।
बता दें, पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए इस बार दो चरणों में मतदान होना है। जिसमें 23 अप्रैल 2026 को पहले चरण और 29 अप्रैल 2026 को दूसरे चरण का मतदान होगा। वहीं, नतीजे 4 मई 2026 को आएंगे। पिछले चुनाव की बात करें तो 2021 में TMC ने 213 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 77 सीटें मिली थीं।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 13 April 2026 at 23:35 IST