'दिल्ली से गॉडफादर भेजो, हिम्मत है तो...', फाल्टा में दोबारा मतदान की घोषणा होते ही मचा घमासान, अभिषेक बनर्जी ने BJP को दी खुली चुनौती
BJP vs TMC: चुनाव आयोग ने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 बूथों पर दोबारा मतदान का फैसला लिया है, जिसके बाद यहां सियासी घमासान फिर तेज हो गया। अमित मालवीय के बयान पर पलटवार करते हुए अभिषेक बनर्जी ने BJP को चुनौती दी है।
Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले सियासी पारा हाई है। चुनाव आयोग ने फाल्टा विधानसभा सीट पर दोबारा मतदान की घोषणा कर दी, जिसके बाद इसको लेकर बीजेपी और TMC के बीच जुबानी जंग फिर तेज हो गई। ममता बनर्जी के भतीजे और TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि दिल्ली से अपने गॉडफादर को भेजो। हिम्मत है तो फाल्टा से चुनाव लड़कर दिखाओ।
अभिषेक का यह बयान BJP आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय की पोस्ट पर आया। मालवीय ने फाल्टा में री-पोलिंग की घोषणा होने पर कहा कि डायमंड हार्बर मॉडल ढह रहा है।
अभिषेक की BJP को खुली चुनौती
इस पर उन्हें अभिषेक बनर्जी ने बेहद तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि तुम्हारी 'बांग्ला-विरोधी' गुजराती गैंग मेरे 'डायमंड हार्बर मॉडल' को जरा-सा भी नुकसान नहीं पहुंचा सकती। इसके लिए दस जन्म भी कम पड़ जाएंगे। बनर्जी ने चुनौती देते हुए आगे कहा कि तुम्हारे पास जो कुछ भी है, सब ले आओ। मैं चुनौती देता हूं- फाल्टा आओ। अपने सबसे ताकतवर लोगों को भेजो, दिल्ली से किसी 'गॉडफादर' को भेजो। अगर तुममें हिम्मत है, तो फाल्टा से चुनाव लड़ो।
फाल्टा में क्यों होंगे दोबारा मतदान?
29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग के दिन कई जगह हिंसा और EVM के साथ छेड़छाड़ की खबरें आई थीं। सबसे ज्यादा 32 शिकायतें फाल्टा से ही आई थीं। BJP का आरोप है कि फाल्टा इलाके में मतदान केंद्रों पर EVM में कमल के फूल निशान वाले बटन पर टेप लगाकर उसे छिपाने की कोशिश की गई। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो भी वायरल हुए थे।
चुनाव आयोग ने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 बूथों पर दोबारा मतदान का फैसला लिया। यहां अब री-पोलिंग 21 मई को होगी। वहीं, इस सीट पर 24 मई को वोटों की गिनती की जाएगी। ऐसे में अब 4 मई को राज्य की 294 में से 293 विधानसभा सीटों की मतगणना होगी।
15 बूथों पर भी हुई वोटिंग
इससे पहले शनिवार (2 मई) को दक्षिण 24 परगना के दो विधानसभा क्षेत्रों डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम में कुल 15 बूथों पर भी दोबारा मतदान हुआ है। इन केंद्रों पर पुनर्मतदान के दौरान कुल 90 प्रतिशत वोटिंग हुई है। अब सबकी नजरें कुछ ही घंटों में आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 3 May 2026 at 08:06 IST