आज भारत का सिर्फ लोकतंत्र ही नहीं देश का संविधान भी जीता है, बंगाल में 93 फीसदी मतदान होना ऐतिहासिक है- PM मोदी
BJP मुख्यालय में अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, आज का यह दिवस कई मायनों में खास है, विशेष है, यह देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है।
पश्चिम बंगाल,असम में BJP की प्रचंड के बाद पूरे देश में बीजेपी कार्यकर्ता जश्न में डूब गए हैं। राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ता इस प्रचंड जीत का उत्सव मना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी असम और पश्चिम बंगाल चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचे,जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा, ‘आज सिर्फ भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है। आज भारत का संविधान भी जीता है।’
बंगाल में बीजेपी की जीत पर कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "एक कार्यकर्ता होने के नाते मैं भाजपा के हर कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूं। आज का यह दिवस कई मायनों में खास है, विशेष है, यह देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। "
यह भरोसे का दिन है-PM मोदी
बीजेपी मुख्यालय में अपने संबोधन के दौरान पीए मोदी ने कहा, "यह भरोसे का दिन है। भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा परफॉर्मेंस की राजनीति पर, भरोसा स्थिरता के संकल्प पर, भरोसा एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना पर।"
आज भारत का संविधान भी जीता है-PM मोदी
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, "जय पराजय लोकतंत्र और चुनावी राजनीति का एक स्वाभाविक हिस्सा होता है। लेकिन पांच प्रदेशों की जनता ने पूरे विश्व के दिखाया है ये हमारा भारत, मदर ऑफ डेमोक्रेसी क्यों है... लोकतंत्र, डेमोक्रेसी, हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं है। ये हमारी रगो में दौड़ता हुआ संस्कार है। ये हमारी रगो की संस्कार सरिता है और आज सिर्फ भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है।"
“आज भारत का संविधान भी जीता है। हमारी संवैधानिक संस्थाएं जीती हैं। हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं। पश्चिम बंगाल में करीब 93% मतदान होना, अपने आप में ऐतिहासिक रहा है। असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरलम में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने हैं। इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है। ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बन रही है।”
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 4 May 2026 at 19:32 IST