ममता बनर्जी नहीं मान रहीं हार, कहा- 100 से ज्यादा सीटों पर हम आगे हैं, जिसे नहीं दिखाया जा रहा, काउंटिंग एजेंट सेंटर छोड़कर ना जाएं
ममता बनर्जी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने चुनाव आयोग पर मनमर्जी से काम करने का आरोप मढ़ा। साथ ही कहा कि उनकी पार्टी टीएमसी 100 से ज्यादा सीटों पर आगे हैं, जिसकी रिपोर्ट नहीं की जा रही है।
Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में बीजेपी स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाती दिख रही है। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर 'खेल' खेलने का आरोप लगाया है। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि हम टाइगर की तरह लड़ते रहेंगे।
ममता बनर्जी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा, 'मैं हाथ जोड़कर निवेदन करती हूं कि कोई भी काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवार काउंटिंग सेंटर छोड़कर न जाएं। यह BJP की चाल है।'
ममता ने चुनाव आयोग पर लगाया मनमानी का आरोप
उन्होंने आगे कहा, 'मैं कल से ही यह कह रही हूं कि वे पहले उन्हें ही आगे दिखाएंगे। उन्होंने कई जगहों पर काउंटिंग रोक दी है। कल्याणी में ऐसी मशीनें मिली हैं, जिनमें कोई मेल नहीं है। केंद्रीय बलों के ज़रिए हर तरफ से TMC पर जुल्म किए जा रहे हैं। SIR के ज़रिए उन्होंने वोट चुराने की कोशिश की और अब भी हम 100 से ज्यादा सीटों पर आगे हैं, जिसकी रिपोर्ट नहीं की जा रही है। सब कुछ गलत रिपोर्ट किया जा रहा है। चुनाव आयोग पूरी तरह से अपनी मनमर्ज़ी से काम कर रहा है और केंद्रीय बल भी उनके साथ हैं। पुलिस भी केंद्रीय बलों के साथ मिलकर काम कर रही है।'
निराश होने की कोई जरूरत नहीं, हम ही जीतेंगे- ममता
टीएमसी प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, 'निराश होने की कोई जरूरत नहीं है। सूरज डूबने के बाद आप ही जीतेंगे। अभी 2-4 राउंड की काउंटिंग हुई है, काउंटिंग 14-18 राउंड तक चलती है और हम ही जीतेंगे। किसी को भी डरने की कोई जरूरत नहीं है। हम सब आपके साथ है। हम टाइगर की तरह लड़ते रहेंगे।'
रुझानों में बीजेपी को बढ़त
चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, दोपहर 1 बजकर 57 मिनट तक रुझानों में भाजपा 194 सीटों के साथ बढ़त बनाए हुए है। जबकि टीएमसी 92 सीटों पर आगे है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 4 May 2026 at 13:49 IST