NEET विवाद के बीच शिक्षा मंत्रालय में बड़ा बदलाव, नरेश पाल गंगवार नए सचिव नियुक्त; IAS विनीत जोशी को पद से हटाया गया
नरेश पाल गंगवार को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया है।
- डिफेंस न्यूज
- 2 min read
NEET यूजी परीक्षा पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के बीच गुरुवार रात केंद्र सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।
सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव विनीत जोशी का तबादला कर उन्हें पंचायती राज विभाग में भेज दिया है। उनकी जगह अब 1994 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया है।
नरेश पाल गंगवार नए शिक्षा सचिव नियुक्त
नरेश पाल गंगवार को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने गुरुवार को नरेश पाल गंगवार की नियुक्ति को मंजूरी दी। इससे पहले नरेश पाल गंगवार मत्स्य पालन, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन मंत्रालय के अधीन पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे।
NEET विवाद के बीच शिक्षा मंत्रालय का बड़ा फैसला
यह प्रशासनिक बदलाव उस समय किया गया है जब NEET पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में छात्रों का आंदोलन चल रहा है। इस नई नियुक्ति से पहले, गंगवार ने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के रूप में काम किया, जहां उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण और खतरनाक पदार्थों के प्रबंधन से जुड़े मामलों को संभाला।
कौन हैं नरेश पाल गंगवार?
पेशे से इंजीनियर, गंगवार ने रुड़की यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन में B.Tech, IIT दिल्ली से कम्युनिकेशन और रडार इंजीनियरिंग में M.Tech और राजस्थान यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में M.A. किया है।
इन अहम पदों की निभाई है जिम्मेदारी
अपने करियर के दौरान, उन्होंने राजस्थान सरकार में कई अहम पदों पर काम किया, जिनमें स्कूल शिक्षा, ऊर्जा, कृषि, उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी विभागों के प्रमुख सचिव का पद शामिल है। उन्होंने जयपुर DISCOM के चेयरमैन और राजस्थान राज्य सड़क परिवहन निगम के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर भी काम किया। गंगवार ने 2010 और 2014 के बीच नेशनल सोलर मिशन के शुरुआती दौर में राजस्थान की शुरुआती सोलर एनर्जी पॉलिसी बनाने में अहम भूमिका निभाई।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 23 July 2026 at 23:57 IST