जेएलआर भारत में रेंज रोवर, रेंज रोवर स्पोर्ट का करेगी उत्पादन; कीमतों में 22 प्रतिशत तक की गिरावट तय

जगुआर लैंड रोवर भारत में अपनी रेंज रोवर और रेंज रोवर स्पोर्ट का उत्पादन शुरू करेगी। 54 साल में पहली बार ब्रिटेन के बाहर इन प्रतिष्ठित मॉडल का उत्पादन किया जाएगा

e-Range Rover Safari inspired by iconic James Bond film | Image: Lunaz

जगुआर लैंड रोवर भारत में अपनी रेंज रोवर और रेंज रोवर स्पोर्ट का उत्पादन शुरू करेगी। इनके 54 साल के लंबे इतिहास में पहली बार ब्रिटेन के बाहर इन प्रतिष्ठित मॉडल का उत्पादन किया जाएगा।

जगुआर लैंड रोवर का स्वामित्व टाटा मोटर्स के पास है।

अभी तक इन दोनों मॉडल का उत्पादन केवल ब्रिटेन में जगुआर लैंड रोवर के सोलिहुल संयंत्र में किया जाता है और वहां से इनका भारत सहित वैश्विक स्तर पर करीब 121 बाजारों में निर्यात किया जाता है।

स्थानीय उत्पादन के साथ दोनों मॉडल की कीमत 18-22 प्रतिशत तक कम होना तय है।

टाटा समूह के चेयरमैन एन.चंद्रशेखरन ने 15 साल पहले टाटा परिवार में जेएलआर ब्रांड लाने के लिए टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘ ..रेंज रोवर का विनिर्माण यहीं भारत में किया जाएगा, यह एक शानदार एहसास है..यह एक बहुत ही खास पल है और इस पर मुझे गर्व महसूस हो रहा है।’’

उन्होंने कहा कि इस कदम से कंपनी को भविष्य में देश में बिक्री में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

चंद्रशेखरन ने कहा, ‘‘ अधिक बिक्री होगी, मुझे विश्वास है कि आगे का सफर बेहतरीन होगा।’’

उन्होंने कहा कि यहां इसके विनिर्माण से संकेत मिलता है कंपनी को इस बाजार में कितना विश्वास है।

जेएलआर इंडिया के प्रबंध निदेशक राजन अंबा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि देश में ग्राहकों के व्यापक वर्ग के वास्ते दोनों मॉडल तक पहुंच सुलभ बनाने के लिए स्थानीय उत्पादन कंपनी के लिए एक बड़ा कदम है।

अंबा ने कहा, ‘‘ कंपनी के इतिहास में पहली बार रेंज रोवर और रेंज रोवर स्पोर्ट का उत्पादन अब भारत में किया जाएगा... यह हमारे लिए एक बड़ी घोषणा है क्योंकि ये हमारी प्रमुख वाहन हैं और इनके 54 साल के इतिहास में इनका उत्पादन केवल सोलिहुल में जाता रहा है।’’

जेएलआर इंडिया की पिछले वित्त वर्ष 2023-24 में भारत में खुदरा बिक्री 81 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4,436 इकाई रही थी।

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 24 May 2024 at 15:19 IST