India Algeria LPG Deal: अमेरिका-ईरान युद्ध में लगे रहे, भारत ने कर दिया 'खेला', एलपीजी को लेकर इस देश से की बड़ी डील, अब नहीं बंद होगा चूल्हा
India Algeria LPG Deal: मिडिल ईस्ट में अस्थिरता के हालातों को देखते हुए भारत ने LPG के लिए अल्जीरिया के साथ एक बड़ी डील की है। इस डील से मिडल ईस्ट पर निर्भरता कम होगी और 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' पर तनाव रहने पर भी LPG सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
- बिजनेस न्यूज
- 2 min read
मिडिल ईस्ट में अस्थिरता के हालातों को देखते हुए भारत ने LPG के लिए अल्जीरिया के साथ एक बड़ी डील की है। इस डील से मिडल ईस्ट पर निर्भरता कम होगी और 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' पर तनाव रहने पर भी LPG सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। देश की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने अल्जीरिया की सरकारी ऊर्जा कंपनी सोनाट्रैक (Sonatrach) के साथ रसोई गैस (LPG) आयात को लेकर एक बड़ा समझौता किया है।
इस समझौते के तहत वर्ष 2027 से इंडियन ऑयल हर महीने करीब 45,000 से 55,000 मीट्रिक टन की एलपीजी गैस सोनाट्रैक से खरीदेगा। यह सप्लाई एक बड़े गैस टैंकर के जरिए भारत पहुंचेगी। यहां ये भी बता दें कि इस सप्लाई में प्रोपेन और ब्यूटेन गैस दोनों का मिश्रण शामिल होगा।
कीमत भी है सस्ती
अच्छी बात यह भी है कि अल्जीरिया से आने वाली LPG की कीमत सऊदी की कंपनी सऊदी अरामको की एलपीजी से सस्ती है। इस कारण समझौते से भारत की मिडल ईस्ट पर निर्भरता तो कम होगी ही लेकिन साथ ही इससे सरकार को भी आर्थिक रूप से फायदा होगा। यहां यह भी बता दें कि भारत ने अल्जीरिया के साथ यह समझौता 'फ्री-ऑन-बोर्ड' (FOB) आधार पर किया है। इसका मतलब जहाज पर माल लोड होने के बाद परिवहन की जिम्मेदारी इंडियन ऑयल की होगी।
बेहद अहम है यह डील
भारत के लिए ये डील बेहद अहम है क्योंकि भारत में LPG गैस के जरिए ही लोगों के घरों की रसोई चलती है। इस वर्ष अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण दुनिया भर के साथ भारत को भी एलपीजी किल्लत का सामना करना पड़ा था। अभी भी अगर युद्ध फिर से शुरू हुआ तो ऐसे हालत फिर से भी उत्पन्न हो सकते हैं।
अमेरिका के साथ भी होगी डील
अल्जीरिया के साथ भारत अमेरिका से भी एलपीजी आयात को बढ़ाने पर विचार विमर्श कर रहा है। इससे अगले वर्ष 2027 में एलपीजी गैस की कुल जरूरत का करीब 25 प्रतिशत हिस्सा भारत अमेरिका से खरीद सकता है।
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 21 August 2026 at 07:54 IST