अपडेटेड 1 June 2025 at 23:42 IST
GST Collection: मई 2025 में भारत सरकार के खजाने में आए 2 लाख करोड़ से ज्यादा, बंपर कमाई से GST कलेक्शन ने तोड़ा रिकॉर्ड
GST Collection: भारत सरकार ने जीएसटी कलेक्शन में मई के महीने में रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है।
केंद्र सरकार के खजाने में बंपर धनराशि आ रही है। मई 2025 में GST कलेक्शन ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मई 2025 में भारत सरकार ने वस्तु एवं सेवा कर (GST) से 2.01 लाख करोड़ का टैक्स कलेक्शन किया है। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 16.4 फीसदी ज्यादा है। GST कलेक्शन को लेकर जो आंकड़ा सामने आया है, उसके हिसाब से अप्रैल 2025 के 2.37 लाख करोड़ के रिकॉर्ड से कम है।
भारत में GST कलेक्शन में लगातार दूसरे महीने 2 लाख करोड़ से अधिक का कलेक्शन देश की आर्थिक गतिविधियों में मजबूती और टैक्स पेय करने के तरीकों में सुधार का संकेत दे रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मई 2025 में केंद्र सरकार को 35,434 करोड़ और राज्य सरकारों को ₹43,902 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ।
आयात से मिलने वाले टैक्स में 25.2% की बढ़ोतरी
इसके अलावा 1.09 लाख करोड़ का इंटीग्रेटेड GST (IGST) और 12,879 करोड़ का उपकर (Cess) कलेक्ट किया गया। घरेलू लेनदेन से GST कलेक्शन 1.50 लाख करोड़ रहा। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 13.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी का संकते दे रहा है। वहीं दूसरी ओर आयात से प्राप्त होने वाले टैक्स में 25.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसका मतलब ये है कि आयात से जो टैक्स मिलता है, वह 51,266 करोड़ तक पहुंच गया।
आंकड़े यह बताते है कि यह बढ़ोतरी आर्थिक गतिविधियों में सुधार, टैक्स सिस्टम की मजबूती और टैक्स देने वाली जनता के बीच बढ़ती जागरूकता का परिणाम है। हालांकि, अप्रैल की तुलना में मई में इस कलेक्शन में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन वर्ष-दर-वर्ष एक सकारात्मक दिशा में बढ़ने का संकेत दे रही है। एक्सपर्ट्स की मानें तो GST कलेक्शन में यह निरंतर बढ़ोतरी भारत की आर्थिक स्थिति में सुधार का परिणाम है। सरकार को इसी तरह से टैक्स देने वालों को और अधिक सुविधाएं उपलब्ध करनी चाहिए और कर अनुपालन को आसान बनाना चाहिए।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 1 June 2025 at 23:42 IST