Gold-Silver: अब सोना-चांदी खरीदना होगा और महंगा, सरकार ने 10% बढ़ाई इंपोर्ट ड्यूटी, आज से नई दरें लागू
Gold-Silver: केंद्र सरकार ने सोने, चांदी और अन्य कीमती धातुओं पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाकर 10% कर दी है। नई दरें आज (13 मई) से लागू हो गई हैं।
Gold-Silver: अब विदेश से सोना मंगाना महंगा हो जाएगा। सरकार ने सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ा दी है। वित्त मंत्रालय की नई अधिसूचना (16/2026-Customs) के जरिए कीमती धातुओं पर महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब कच्चे सोने और चांदी पर बेसिक कस्टम ड्यूटी बढ़ाकर 10% कर दी गई है। इसके अलावा 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) भी लगेगा। पहले प्रभावी ड्यूटी करीब 6% थी, जो अब 15% हो गई है। नई दरें आज 13 मई 2026 से लागू हैं।
यह बढ़ोतरी सिर्फ कच्ची धातुओं तक सीमित नहीं है। ज्वेलरी बनाने वाले छोटे पुर्जों (फाइंडिंग्स) और प्लैटिनम पर भी ड्यूटी में बदलाव किया गया है, जिसका असर पूरे आभूषण उद्योग और आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।
ज्वेलरी के छोटे पुर्जों पर भी असर
अब हुक, क्लैस्प, क्लैंप, पिन, स्क्रू बैक जैसे छोटे पार्ट्स भी महंगे हो जाएंगे।
सोने और चांदी के पुर्जों पर 5% ड्यूटी
प्लैटिनम के पुर्जों पर 5.4% ड्यूटी
रिकवरी और रीसाइक्लिंग पर राहत
इस्तेमाल हो चुके कैटेलिस्ट या राख (जिसमें सोना-चांदी जैसी कीमती धातुएं होती हैं) के आयात पर 4.35% की रियायती ड्यूटी लगेगी, लेकिन आयातक को सरकार की सभी शर्तें पूरी करनी होंगी।
UAE से तय मात्रा में कोटा के तहत आने वाले गोल्ड पर भी इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाई गई. UAE से तय मात्रा में कोटा के तहत रियायती दर पर इंपोर्ट ड्यूटी लगती थी।
व्यापारियों और ग्राहकों पर असर
इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ जाने से सर्राफा व्यापारियों और ज्वेलर्स के लिए विदेश से सोना-चांदी मंगाना अब ज्यादा महंगा हो गया है। जब आयात की लागत बढ़ती है तो इसका सीधा असर ज्वेलर्स की उत्पादन लागत पर पड़ता है। इससे तैयार गहनों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। आम ग्राहक को सोना और चांदी खरीदते समय ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। शादी-विवाह या निवेश के लिए सोना खरीदने वाले लोगों को आने वाले दिनों में महंगाई का असर साफ दिख सकता है।
इस फैसले का मुख्य उद्देश्य सोना-चांदी की खरीदारी पर रोक लगाना है, जिससे भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ रहे दबाव को कम किया जा सके। इससे पहले पीएम मोदी भी जनता से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील कर चुके हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 13 May 2026 at 07:02 IST