वित्तीय मोर्चे पर पतंजलि फूड्स की बड़ी छलांग, 22,660 करोड़ रुपये से अधिक हुआ टर्नओवर
बढ़ती महंगाई की चुनौतियों के बावजूद पतंजलि फूड्स ने अपना मजबूत प्रदर्शन बरकरार रखा है। कंपनी के एफएमसीजी (FMCG) और खाद्य तेल कारोबार में निरंतर तेजी देखी जा रही है।
- बिजनेस न्यूज
- 4 min read
देश की प्रमुख एफएमसीजी और खाद्य तेल कंपनी पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त हुई दूसरी तिमाही (Q2 FY27) और पहली छमाही (H1 FY27) के वित्तीय परिणामों की घोषणा कर दी है। प्रतिकूल आर्थिक परिस्थितियों और महंगाई के दबाव के बावजूद कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक का सर्वाधिक राजस्व दर्ज किया है। इस ऐतिहासिक सफलता में खाद्य तेल, पाम ऑयल प्लांटेशन और तेजी से बढ़ते एफएमसीजी कारोबार का सबसे बड़ा योगदान रहा है।
आर्थिक परिदृश्य और महंगाई की चुनौती
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था को महंगाई के बढ़ते दबाव का सामना करना पड़ा। जुलाई 2026 में खुदरा महंगाई दर करीब 4.45% थी, जो अगस्त में बढ़कर 4.82% और सितंबर तक 5.54% के स्तर पर पहुंच गई। जनवरी 2026 में जारी नए सीपीआई (CPI) आंकड़ों के बाद यह महंगाई का उच्चतम स्तर रहा। विशेष रूप से खाद्य महंगाई दर 7.7% तक पहुंच गई, जिसका सीधा कारण खाद्य वस्तुओं की कीमतों में आई तेजी थी।
कम मानसूनी बारिश और एल नीनो के प्रभाव ने ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि क्षेत्र को प्रभावित किया, हालांकि गैर-कृषि कार्यों से होने वाली ग्रामीण आय ने उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति को संभाले रखा। इन तमाम चुनौतियों के बावजूद, त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ बाजार में मांग सकारात्मक बनी रही, जिसका सीधा लाभ पतंजलि फूड्स को मिला।
Q2 FY27 के मुख्य वित्तीय आंकड़े
दूसरी तिमाही में पतंजलि फूड्स का परिचालन से राजस्व सालाना आधार पर 15.55% की बढ़ोतरी के साथ ₹11,322.58 करोड़ रहा, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में ₹9,798.84 करोड़ था। तिमाही के अन्य प्रमुख वित्तीय संकेतक इस प्रकार हैं।
एफएमसीजी कारोबार राजस्व- 2,923.48 करोड़
कुल एबिटडा (EBITDA)- 509.55 करोड़ (एफएमसीजी एबिटडा ₹221.33 करोड़)
सकल लाभ (Gross Profit)- ₹1,439.14 करोड़ (सकल लाभ मार्जिन 12.62%)

परिचालन एबिटडा- 425.63 करोड़ (असाधारण मदों को छोड़कर, मार्जिन 3.76%)
कर पूर्व लाभ (PBT)- 409.02 करोड़ (मार्जिन 3.59%)

अन्य आय स्रोत- निर्यात कारोबार से 29.09 करोड़ और विंड टर्बाइन पावर जनरेशन से ₹10.63 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ।
पहली छमाही में रचा नया कीर्तिमान
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी ने पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 22.06% की जबरदस्त छलांग लगाते हुए ₹22,660.03 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व हासिल किया है। छमाही के दौरान कंपनी का एफएमसीजी राजस्व ₹5,861.23 करोड़ रहा। वहीं, कुल आय के आधार पर एबिटडा ₹1,057.38 करोड़ (जिसमें एफएमसीजी एबिटडा ₹410.85 करोड़ शामिल है) और परिचालन एबिटडा ₹969.03 करोड़ (मार्जिन 4.28%) दर्ज किया गया। इस अवधि में कंपनी का कर पूर्व लाभ (PBT) 3.79% मार्जिन के साथ ₹862.36 करोड़ रहा।
प्रमुख व्यावसायिक खंडों का प्रदर्शन
कंपनी के सभी मुख्य बिजनेस सेगमेंट्स ने इस अवधि में संतुलित और मजबूत वृद्धि दर्ज की है।
खाद्य तेल और पाम ऑयल प्लांटेशन- कंपनी के मुख्य खाद्य तेल व्यवसाय ने 22.39% की वृद्धि के साथ ₹8,532.25 करोड़ का अब तक का सबसे अधिक तिमाही राजस्व अर्जित किया, जिसमें एबिटडा ₹256.22 करोड़ (मार्जिन 3.00%) रहा। पाम ऑयल प्लांटेशन से ₹742.29 करोड़ का राजस्व मिला। 30 सितंबर 2026 तक कंपनी कुल 1,27,265 हेक्टेयर भूमि पर पाम ऑयल की खेती कर रही है।
एफएमसीजी और बिस्कुट कारोबार- कुल परिचालन राजस्व में एफएमसीजी की हिस्सेदारी 25.50% और कुल एबिटडा में 45.04% रही। बिस्कुट खंड ने Q2 में 27.69% की उछाल के साथ ₹638.31 करोड़ और H1 में ₹1,198.45 करोड़ का राजस्व कमाया। कंपनी के लगभग ₹1,300 करोड़ के फ्लैगशिप ब्रांड 'दूध बिस्कुट' ने अकेले इस तिमाही में करीब ₹475 करोड़ का कारोबार किया।
स्टेपल्स, घी और नुट्रेला- कंज्यूमर स्टेपल्स से Q2 में ₹838.84 करोड़ और H1 में ₹1,949.06 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। घी कारोबार ने Q2 में ₹306.34 करोड़ (H1 में ₹525.42 करोड़) का योगदान दिया। सोया उत्पाद ब्रांड 'नुट्रेला' की बिक्री में 16.40% की वृद्धि हुई और इसका तिमाही राजस्व 185.56 करोड़ रहा। बेवरेजेज खंड ने Q2 में 21.19 करोड़ और H1 में ₹59.18 करोड़ जुटाए।
होम एंड पर्सनल केयर (HPC)- इस सेगमेंट ने 11.06% की बढ़ोतरी के साथ दूसरी तिमाही में ₹713.88 करोड़ का राजस्व दर्ज किया। इसमें डेंटल केयर (₹378.15 करोड़), स्किन केयर (₹187.50 करोड़), होम केयर (₹91.07 करोड़) और हेयर केयर (₹55.45 करोड़) का प्रमुख योगदान रहा।
भविष्य की रणनीति पर CEO का दृष्टिकोण
परिणामों पर टिप्पणी करते हुए पतंजलि फूड्स लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री संजीव आस्थाना ने कहा कि कंपनी के एडिबल ऑयल ब्रांड्स, पाम ऑयल प्लांटेशन और तेजी से विस्तार कर रहे एफएमसीजी पोर्टफोलियो ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने विशेष रूप से दूध बिस्कुट, नुट्रेला, सौंदर्य और दंत कांति जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स की निरंतर विकास दर की सराहना की। श्री आस्थाना के अनुसार, त्योहारी सीजन और आगामी शादियों के मौसम के चलते कंपनी को अगली तिमाहियों में भी मजबूत मांग की उम्मीद है। भविष्य में कंपनी का मुख्य फोकस प्रीमियम उत्पादों की बिक्री बढ़ाने और परिचालन दक्षता को और सुदृढ़ करने पर केंद्रित रहेगा।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 14 November 2026 at 20:57 IST